बरेली के नए मंडलायुक्त बने शंभू कुमार, बोले- जनहित और कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता...

रिपोर्ट आकाश सक्सेना /खबर बदायूं यूपी /यूपी समाचार न्यूज़ 




संक्षेप..

बरेली के नए मंडलायुक्त बने शंभू कुमार, बोले- जनहित और कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता,कार्यभार संभालते ही शंभू कुमार का संदेश: योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक, कानून व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस


बरेली। बरेली मंडल के नवागत मंडलायुक्त शंभू कुमार ने बुधवार देर रात कार्यभार ग्रहण कर लिया। मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचने पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। साथ ही कानून एवं शांति व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

शंभू कुमार वर्ष 2010 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं। इससे पहले वह पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) में प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत थे। अपने प्रशासनिक कार्यकाल में वह शासन स्तर सहित विभिन्न जनपदों में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।

गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने हाल ही में 13 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले किए थे। इसी क्रम में बरेली के तत्कालीन मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी का स्थानांतरण प्रशासनिक सुधार विभाग, लखनऊ में किया गया है। उनके स्थान पर शंभू कुमार को बरेली मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मीडिया से बातचीत में मंडलायुक्त शंभू कुमार ने कहा कि जनता का हित सर्वोपरि है। आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post