UP समाचार न्यूज़ /रिपोर्ट आकाश सक्सेना /खबर बदायूं यूपी
![]() |
| कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी बाजपेयी सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक लेतीं सीडीओ गामिनी सिंगला एवं मौजूद सीएमओ मोहना झा, आर सी एच राजवीर गंगवार एवं डीसीपीएम अरविन्द राणा अन्य मौजूद रहे |
संक्षेप..
गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सीडीओ ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, सीएचसी-पीएचसी पर बनेंगे कोल्ड वेव रूम,आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने के निर्देश, घरेलू प्रसव की भी मांगी रिपोर्ट..
यूपी समाचार न्यूज़ बदायूं। कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में गुरुवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) गामिनी सिंगला ने की। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मोहन झा समेत जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी तथा जिले की सभी सीएचसी और पीएचसी के चिकित्साधिकारी मौजूद रहे।
सीडीओ ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कोल्ड वेव रूम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कमरों में कूलर, पंखे और वाटर कूलर जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि मरीजों और तीमारदारों को राहत मिल सके।
बैठक में आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रगति की समीक्षा भी की गई। बताया गया कि जिले में करीब 14 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए जाने का लक्ष्य है, जिसमें अब तक लगभग 53 प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया जा चुका है। सीडीओ ने पंचायत सहायकों, एडीओ पंचायत और अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से अधिक से अधिक पात्र लोगों के गोल्डन कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने संस्थागत प्रसव की स्थिति की भी समीक्षा की। जिन क्षेत्रों में संस्थागत प्रसव कम हो रहे हैं, वहां एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को सक्रिय निगरानी करने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं घरेलू प्रसव तो नहीं हो रहे हैं। साथ ही यदि पंजीकृत नर्सिंग होम में प्रसव हो रहे हैं तो उसकी रिपोर्ट संबंधित ब्लॉक के चिकित्साधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए।
सीडीओ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के बरामदों में मरीजों और तीमारदारों के बैठने की समुचित व्यवस्था, पंखे और पेयजल उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाल ही में दातागंज सीएचसी के निरीक्षण के दौरान वहां मरीजों के लिए न तो पर्याप्त बैठने की व्यवस्था मिली और न ही गर्मी से राहत के इंतजाम। इस पर उन्होंने दातागंज के एमओआईसी समेत जिले के सभी सीएचसी और पीएचसी प्रभारियों को व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे अग्निशमन यंत्रों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने सभी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए कि अग्निशमन यंत्र हमेशा सक्रिय स्थिति में रहें तथा उनकी वैधता और कार्यक्षमता की समय-समय पर जांच कराई जाए।
