UP समाचार न्यूज़ /रिपोर्ट आकाश सक्सेना /खबर बदायूं यूपी
संक्षेप...
बदायूं में ओवरलोड ट्रक रोकने पर पीटीओ की कार में मारी टक्कर, पीछा कर पुलिस ने घेरा,चेकिंग से बचने को ट्रक चालक ने तोड़ा पुलिस बैरियर, मक्का के खेत के पास वाहन छोड़ फरार
यूपी समाचार न्यूज़ बदायूं । ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चल रही संयुक्त चेकिंग के दौरान एक ट्रक चालक ने परिवहन विभाग की टीम को टक्कर मार दी। हादसे में पीटीओ की कार मामूली क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि अधिकारी बाल-बाल बच गए। घटना के बाद पुलिस ने कई थानों की मदद से ट्रक की घेराबंदी की, लेकिन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, बरेली और बदायूं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम जिले की सीमा पर ओवरलोड वाहनों की चेकिंग कर रही थी। बरेली के पीटीओ विनय कुमार आंवला के समीप बदायूं बॉर्डर पर वाहनों की जांच में लगे थे। इसी दौरान शाहाबाद की ओर से बजरफुट लेकर आ रहे एक ट्रक को रोकने का इशारा किया गया।
आरोप है कि चालक ने ट्रक रोकने के बजाय पीछे से पीटीओ की कार में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। इसके बाद परिवहन अधिकारियों ने तत्काल वजीरगंज, कुवरगांव और बिसौली पुलिस को सूचना देकर ट्रक की घेराबंदी कराई।
पुलिस से बचने के प्रयास में चालक ट्रक को इधर-उधर मार्गों पर दौड़ाता रहा। इस दौरान उसने बगरैन रिपोर्टिंग चौकी पर लगे पुलिस बैरियर को भी तोड़ दिया। खुद को घिरता देख चालक मक्का के खेत के पास ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है और एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है।
