बदायूं UP : लालपुल चौकी में युवक से मारपीट, हाथ टूटा पुलिस पर लूट व एनकाउंटर की धमकी देने का आरोप

यूपी समाचार न्यूज़ /खबर बदायूं यूपी....




खबर संबंधित वीडियो... क्लिक कर देखें व सुने पूरी खबर..

यूपी समाचार न्यूज़ बदायूं।सदर कोतवाली क्षेत्र की लालपुल पुलिस चौकी पर तैनात दो सिपाहियों पर एक युवक को जबरन चौकी ले जाकर बेरहमी से पीटने, उससे रुपये छीनने और फर्जी एनकाउंटर की धमकी देने का आरोप लगा है। पिटाई में युवक का हाथ फ्रैक्चर हो गया। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की है।



नई सराय निवासी अरबाज गुरुवार शाम बड़े सरकार की दरगाह पर खाना बांटकर लौट रहा था। आरोप है कि लालपुल श्मशान घाट के पास चौकी पर तैनात सिपाही कालीचरण और राकेश चौधरी ने उसे रोक लिया। सिपाही कालीचरण ने उसे पहचानते हुए चौकी चलने को कहा। मना करने पर दोनों सिपाही उसे जबरन मोटरसाइकिल से चौकी ले गए।


चौकी में मौजूद उपनिरीक्षक के सामने ही सिपाहियों ने उससे रुपये की मांग की। आरोप है कि रुपये न देने पर उसे झूठे मुकदमे में फंसाने और फर्जी एनकाउंटर की धमकी दी गई। विरोध करने पर युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की गई।


पीड़ित के अनुसार, मारपीट के दौरान उसकी जेब में रखे करीब 5400 रुपये भी छीन लिए गए। पिटाई इतनी गंभीर थी कि उसका हाथ टूट गया और शरीर पर कई चोटें आईं। शोर-शराबा होने पर वह किसी तरह वहां से भाग निकला, लेकिन आरोप है कि सिपाहियों ने उसे रास्ते में फिर पकड़कर पीटा।


घटना के बाद पीड़ित ने निजी अस्पताल में एक्स-रे कराया, जिसमें हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। परिजनों का कहना है कि पुलिस के डर के कारण अभी तक सरकारी अस्पताल में मेडिकल नहीं कराया जा सका है।


पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, इस संबंध में पुलिस अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post