UP समाचार न्यूज़ /खबर नई दिल्ली /संभल उत्तर प्रदेश
संक्षेप...
सम्भल-गजरौला रेल लाइन की मंजूरी को लेकर संभल से सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क एवं प्रतिनिधि मंडल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। साथ ही सम्भल-चंदौसी-बदायूं-दिल्ली रेल लाइन की भी मांग रखी गई, जिससे क्षेत्र में व्यापार, शिक्षा और रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई गई।
यूपी समाचार न्यूज़ नई दिल्ली /सम्भल। क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। इसी क्रम में प्रतिनिधि मंडल ने रेल मंत्री Ashwini Vaishnaw से मुलाकात कर सम्भल से गजरौला रेल लाइन को मंजूरी देने के संबंध में ज्ञापन सौंपा।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधि ने रेल मंत्री को अवगत कराया कि सम्भल-गजरौला रेल लाइन लंबे समय से क्षेत्र की जनता की प्रमुख मांग रही है। उन्होंने बताया कि पूर्वजों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा भी इस रेल लाइन को लेकर लगातार प्रयास किए जाते रहे हैं, लेकिन अब तक परियोजना को स्वीकृति नहीं मिल सकी है।
प्रतिनिधि ने कहा कि इस रेल लाइन के निर्माण से क्षेत्र के व्यापार को नई गति मिलेगी। व्यापारियों को माल ढुलाई में सहूलियत होगी, वहीं छात्रों को शिक्षा के लिए आवागमन आसान हो जाएगा। इसके अलावा युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे और मरीजों को बड़े शहरों में इलाज के लिए जाने में राहत मिलेगी।
इसके साथ ही प्रतिनिधि ने सम्भल, चंदौसी से बदायूं होते हुए दिल्ली तक नई रेल लाइन को स्वीकृति देने की भी मांग रखी। उनका कहना था कि यह रेल मार्ग पूरे क्षेत्र के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएगा और लाखों लोगों को सीधा लाभ पहुंचाएगा।रेल मंत्री ने ज्ञापन पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया है।
