UP समाचार न्यूज़ /रिपोर्ट आकाश सक्सेना /खबर बदायूं यूपी...
संक्षेप :
शनिवार को सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आरिफपुर नवादा में घर के बाहर खड़ी अर्टिका कार (UP24 BP 9307) चोरी हो गई। सुबह करीब 6 बजे कार गायब मिलने पर पीड़ित जावेद रईस सिद्दीकी ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को वाहन खींचकर ले जाने के निशान मिले हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच कर रही है...
यूपी समाचार न्यूज़ बदायूं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आरिफपुर नवादा में घर के बाहर खड़ी एक कार चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरिफपुर नवादा निवासी जावेद रईस सिद्दीकी ने बताया कि उनकी अर्टिका कार (संख्या UP24 BP 9307) रोज की तरह घर के बाहर प्लॉट में खड़ी थी। शनिवार सुबह करीब 6 बजे जब वह घर से बाहर निकले तो कार मौके से गायब मिली।
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। मौके पर वाहन खींचकर ले जाने के निशान भी मिले हैं, जिससे चोरी की आशंका जताई जा रही है।
पीड़ित के अनुसार, जिस स्थान से कार चोरी हुई है उसके पास मेन रोड पर स्थित एक स्कूल और दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। उन्हें उम्मीद है कि इन कैमरों में चोरों की गतिविधियां कैद हुई होंगी।
पीड़ित ने थाना सिविल लाइन पुलिस को तहरीर देकर वाहन चोरी का मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
