राजस्थान : थार के रेगिस्तान से तेल का खजाना, ऑयल इंडिया ने बनाया नया रिकॉर्ड

UP समाचार न्यूज़ /खबर नई दिल्ली/जोधपुर राजस्थान 



संक्षेप...

ऑयल इंडिया लिमिटेड ने थार के जोधपुर सैंडस्टोन फॉर्मेशन से रिकॉर्ड 1202 बैरल प्रतिदिन तेल उत्पादन किया।पिछले साल के 705 बैरल की तुलना में करीब 70% वृद्धि दर्ज हुई।2025-26 में कुल उत्पादन 43,773 मीट्रिक टन रहा, जो पिछले साल से काफी अधिक है,यह उपलब्धि भारत की ऊर्जा सुरक्षा और आयात निर्भरता कम करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।



यूपी समाचार न्यूज़ नई दिल्ली/जोधपुर। वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में अनिश्चितता के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। सरकारी तेल कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड ने राजस्थान के थार मरुस्थल में स्थित जोधपुर सैंडस्टोन फॉर्मेशन से रिकॉर्ड स्तर पर कच्चे तेल का उत्पादन कर नई उपलब्धि हासिल की है।

कंपनी के अनुसार, इस फॉर्मेशन से प्रतिदिन 1202 बैरल कच्चे तेल का उत्पादन दर्ज किया गया है, जो अब तक का सर्वाधिक स्तर है। यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि पिछले वर्ष इसी क्षेत्र से औसतन 705 बैरल प्रतिदिन उत्पादन हो रहा था। इस प्रकार कंपनी ने महज एक वर्ष में उत्पादन में लगभग 70 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है।

आंकड़ों पर नजर डालें तो वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान राजस्थान फील्ड से कुल 43,773 मीट्रिक टन कच्चा तेल निकाला गया, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह आंकड़ा 32,787 मीट्रिक टन था। उत्पादन में यह बढ़ोतरी न केवल कंपनी की तकनीकी क्षमता को दर्शाती है, बल्कि देश की ऊर्जा जरूरतों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

ऊर्जा विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक बाजार में तेल आपूर्ति को लेकर चल रही अनिश्चितता के बीच घरेलू उत्पादन में वृद्धि भारत के लिए रणनीतिक रूप से बेहद अहम है। इससे आयात पर निर्भरता कम होगी और विदेशी मुद्रा की बचत के साथ ऊर्जा सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।

सरकार की ओर से भी घरेलू तेल और गैस उत्पादन बढ़ाने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। ऐसे में थार के रेगिस्तान से मिली यह सफलता आने वाले समय में अन्य संभावित क्षेत्रों में भी खोज और उत्पादन को गति दे सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post