UP समाचार न्यूज़ | खबर बदायूं यूपी
संक्षेप..
यातायात नियमों की अनदेखी पर बदायूं में परिवहन विभाग नें सख्ती दिखाई है जहां, 102 वाहनों का चालान किया गया और 7 ओवरलोड वाहन सीज किये गए, वहीं बिना फिटनेस स्कूल वैन पर कार्रवाई हुई है, एवं पंजीयन निलंबन की चेतावनी दी गई है..
यूपी समाचार न्यूज़ बदायूं। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी हरि ओम के नेतृत्व में गुरुवार को जिले भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, रॉन्ग साइड वाहन चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग करने जैसे मामलों में कुल 102 वाहनों के चालान किए गए।
अभियान के दौरान वजीरगंज क्षेत्र में रवि पब्लिक स्कूल की एक स्कूली वैन पकड़ी गई, जो फिटनेस और बीमा की वैधता समाप्त होने के बावजूद बच्चों को लाने-ले जाने में प्रयुक्त की जा रही थी। मामले को गंभीर मानते हुए वैन का चालान किया गया। साथ ही विद्यालय प्रबंधन को एक सप्ताह के भीतर कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त मोटर यान अधिनियम 1988 की धारा 53 के तहत वाहन के पंजीयन निलंबन की कार्रवाई को लेकर नोटिस भी जारी किया गया है।
वहीं, ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 7 ओवरलोड वाहनों को सीज किया गया, जिनमें से 6 वाहनों को कार्यालय परिसर में निरुद्ध किया गया है। एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
