UP समाचार न्यूज़ | खबर बदायूं यूपी...
संक्षेप...
बदायूं जिले में खनन माफियाओं के हौसले एक बार फिर बुलंद हुए हैं, जहां किसान नेताओं को बदनाम करने की साजिश हो रही है,वहीं प्रवर्तन कार्रवाई से सख्ती बढ़ गई है, अब विरोध के नाम पर माहौल गरमाने की कोशिश क़ी जा रही है...
यूपी समाचार न्यूज़ बदायूं। जिले में एक बार फिर अवैध खनन का मुद्दा चर्चा में है। हाल के दिनों में खनन विभाग की सख्ती के बीच खनन माफियाओं की सक्रियता बढ़ने के आरोप सामने आए हैं। नवागत खान अधिकारी गुलशन कुमार के कार्यभार संभालने के बाद अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाया गया था, लेकिन अब फिर से माहौल गरमाने की कोशिशें तेज हो गई हैं।
बताया जा रहा है कि चंदौली से स्थानांतरित होकर बदायूं आए खान अधिकारी गुलशन कुमार ने शुरुआती दिनों में ही जिले के संवेदनशील खनन क्षेत्रों में अभियान चलाकर कई वाहनों पर कार्रवाई की। बिना अभिलेख संचालित ट्रैक्टर-ट्रॉली, जेसीबी मशीनें, ट्रक और ट्राले पकड़े गए। विभाग ने नियमानुसार सीज व चालान की कार्रवाई करते हुए राजस्व वसूली में भी बढ़ोतरी की।
सूत्रों के अनुसार विभागीय टीम ने ठेकेदारों और भट्ठा मालिकों के साथ बैठकें कर नियमानुसार मिट्टी उठान की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। अवैध खनन पर नियंत्रण के लिए लगातार प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
इसी बीच आरोप हैं कि सख्ती से प्रभावित कुछ लोगों ने माहौल बदलने की कोशिश शुरू कर दी है। विभागीय कार्रवाई से असंतुष्ट तत्व किसान नेताओं और स्थानीय किसानों के नाम का सहारा लेकर विरोध प्रदर्शन कराने की रणनीति अपना रहे हैं। कहीं धरना-प्रदर्शन तो कहीं नारेबाजी के जरिए विभाग को घेरने का प्रयास किया जा रहा है।
कुछ लोगों द्वारा यह भी सवाल उठाया जा रहा है कि यदि जनप्रतिनिधियों को कार्य में सहयोग मिल सकता है तो किसानों को क्यों नहीं। हालांकि जानकारों का कहना है कि नियमानुसार अनुमति लेकर मिट्टी उठान में कोई रोक नहीं है, लेकिन अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
फिलहाल जिले में खनन को लेकर सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज है। देखना होगा कि विभाग की सख्ती आगे भी इसी तरह जारी रहती है या विरोध के दबाव में स्थिति बदलती है।
