UP समाचार न्यूज़| खबर बदायूं यूपी |
रिपोर्ट आकाश सक्सेना
संक्षेप..
ड्राइंग स्टाफ एसोसिएशन की बैठक में गूंजा पदोन्नति व वेतन विसंगति का मुद्दा11 फरवरी को डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन,वर्षों से लंबित मांगों पर जताया असंतोष, 7 सूत्रीय मांग पत्र पारित...
![]() |
| Advertisment.. |
बदायूं। सिंचाई विभाग ड्राईंग स्टॉफ एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश जनपद शाखा बदायूं की बैठक शुक्रवार को कार्यालय नलकूप खंड प्रथम स्थित ड्राइंग अनुभाग में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अनिल कुमार मिश्रा ने की, जबकि संचालन जिला सचिव मो. जहीर ने किया। कोषाध्यक्ष चैतन्य कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में संगणक एवं प्रारूपकार संवर्ग की वर्षों से लंबित समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि विभागीय स्तर पर कई बार मांग उठाने के बावजूद अभी तक ठोस समाधान नहीं हो सका है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है।
बैठक में सात सूत्रीय मांग पत्र पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। प्रमुख मांगों में संगणक से सहायक अभियंता (सिविल) पद पर लंबित पदोन्नतियों में आ रही बाधाओं को दूर कर तत्काल प्रोन्नति कराना शामिल है। इसके लिए उत्तर प्रदेश अभियंता सेव (सिंचाई विभाग) समूह-‘ख’ सेवा नियमावली 2007 में आवश्यक संशोधन किए जाने की मांग उठाई गई।
इसके अलावा ड्राइंग संवर्ग के पदों का पुनर्गठन कर विभागीय समिति द्वारा की गई पदोन्नति व्यवस्था को सुनिश्चित करने तथा उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग रेखांकन अधिष्ठान सेवा नियमावली-1985 में संशोधन की मांग भी रखी गई। कर्मचारियों ने एसीपी के अंतर्गत अवर अभियंता की भांति 4600 रुपये ग्रेड पे को इग्नोर करते हुए वेतनमान स्वीकृत करने की मांग दोहराई।
संवर्ग के कर्मचारियों के लिए अवर अभियंता (सिविल/यांत्रिक) पद पर सीधे पदोन्नति हेतु पृथक कोटा निर्धारित करने तथा 1 जनवरी 1986 से चली आ रही वेतन विसंगतियों को दूर कर समतुल्य वेतनमान देने की भी मांग की गई। साथ ही शासन द्वारा निर्धारित कर्तव्यों एवं उत्तरदायित्वों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराने और समय-समय पर विभागीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रांतीय कार्यक्रम के तहत 11 फरवरी 2026 को जिलाधिकारी बदायूं के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश एवं मुख्य सचिव को मांग पत्र सहित ज्ञापन सौंपा जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष इंजीनियर रवि कुमार, जिला मंत्री सरोज यादव, ड्राईंग स्टाफ एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अनिल मिश्रा, जिला मंत्री मोहम्मद जहीर, केतन, पीयूष, भूप सिंह तथा परिषद के जिला उपाध्यक्ष गौरव यादव सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।
अंत में जिलाध्यक्ष ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया और बैठक समाप्ति की घोषणा की।

