UP समाचार न्यूज़ |रिपोर्ट आकाश सक्सेना | खबर बदायूं यूपी..
संक्षेप...
बदायूं शहर में एनसीसी कैडेट्स ने निकाली सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली ये रैली दास डिग्री कॉलेज से निकाली गई जहां यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया वहीं रैली को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/प्रशासन) हरिओम ने संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का माध्यम है...
यूपी समाचार न्यूज़ बदायूं।राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत उत्तर प्रदेश शासन एवं जिलाधिकारी बदायूं के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को दास डिग्री कॉलेज से एनसीसी कैडेट्स द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।
रैली को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/प्रशासन) हरिओम ने संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का माध्यम है। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स को दुपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा ओवरस्पीड व रॉन्ग साइड वाहन न चलाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि युवा वर्ग यदि स्वयं यातायात नियमों का पालन करे और अपने परिवार व मित्रों को भी इसके लिए प्रेरित करे तो सड़क हादसों में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। इस अवसर पर कैडेट्स को सड़क सुरक्षा से संबंधित शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स को राहवीर योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, जिसमें सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर मदद करने वाले नागरिकों को सम्मानित व प्रोत्साहित किए जाने का प्रावधान है।
सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली में परिवहन विभाग के कर्मचारी, यातायात पुलिस के कार्मिक तथा दास डिग्री कॉलेज प्रशासन के स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही। रैली कॉलेज परिसर से होते हुए प्रमुख मार्गों से गुजरी, जहां कैडेट्स ने नारों के माध्यम से आम लोगों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।
