UP समाचार न्यूज़ | रिपोर्ट आकाश सक्सेना | खबर बदायूं यूपी..
संक्षेप..
ट्यूबवेल कनेक्शन के नाम पर रिश्वत लेते बिजली विभाग के जेई प्रदीप बाबू भारती रंगे हाथ हुआ गिरफ्तार एंटी करप्शन टीम नें 20 हजार की रिश्वत लेते धर दबोचा, वहीं टीम नें सिविल लाईन थाने में कराया मुकदमा दर्ज, पूरा मामला जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है...
खबर - बदायूं उत्तर प्रदेश |UP समाचार न्यूज़ रिपोर्ट – आकाश सक्सेना |30 जनवरी 2026 शुक्रवार
यूपी समाचार न्यूज़ बदायूं। जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार जारी कार्रवाई के क्रम में शुक्रवार को एक और बड़ी सफलता एंटी करप्शन टीम को मिली है। बरेली से आई एंटी करप्शन टीम ने बिजली विभाग के अवर अभियंता (जेई) को एक किसान से ट्यूबवेल कनेक्शन के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, मूसाझाग थाना क्षेत्र के करौलिया गांव निवासी किसान अमरजीत पुत्र श्रवण कुमार ने अपने खेत में ट्यूबवेल लगवाया था। ट्यूबवेल के लिए बिजली कनेक्शन प्राप्त करने हेतु उन्होंने नियमानुसार आवेदन भी किया था, लेकिन करौलिया बिजली उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता प्रदीप बाबू भारती उनके आवेदन को लंबे समय से टाल रहा था। किसान के बार-बार संपर्क करने पर जेई ने कनेक्शन स्वीकृत करने के बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर दी।
रिश्वत की मांग से परेशान किसान अमरजीत ने इसकी शिकायत बरेली स्थित एंटी करप्शन टीम से की। टीम ने शिकायत का सत्यापन कराने के बाद आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई। तय रणनीति के तहत किसान को रिश्वत की रकम के साथ सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के ककराला रोड स्थित रसूलपुर बिल काउंटर पर भेजा गया।
जैसे ही जेई प्रदीप बाबू भारती ने किसान से 20 हजार रुपये की रिश्वत ली, मौके पर पहले से तैनात एंटी करप्शन टीम ने उसे पकड़ लिया। आरोपी को तत्काल सिविल लाइंस थाने लाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल है। एंटी करप्शन टीम ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं और सेवाओं के नाम पर रिश्वतखोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
