UP समाचार न्यूज़ | रिपोर्ट आकाश सक्सेना |खबर बदायूं यूपी...
संक्षेप..
मंगलवार को उप संभागीय कार्यालय में सड़क सुरक्षा माह के तहत एआरटीओ हरिओम नें प्रशिक्षण व्यवस्था दुरुस्त करने को ड्राइविंग स्कूल संचालकों के साथ बैठक की एवं आवश्यक निर्देश जारी किये...
यूपी समाचार न्यूज़ बदायूं। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत मंगलवार को जनपद के समस्त मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण विद्यालयों के संचालकों व प्रबंधकों के साथ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/प्रशासन) हरिओम की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशिक्षण व्यवस्था को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और नियमानुसार संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में बताया गया कि वर्तमान में जनपद में निजी क्षेत्र के कुल छह मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण विद्यालय संचालित हैं, जहां हल्के एवं भारी वाहनों का प्रशिक्षण दिया जाता है। एआरटीओ हरिओम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चालक प्रशिक्षण में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रशिक्षण की गुणवत्ता सर्वोपरि है और इसके लिए सभी संचालकों को नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्रयुक्त वाहनों के समस्त आवश्यक प्रपत्र—बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, फिटनेस और टैक्स आदि—समय-समय पर जांचे जाएं। वाहन तकनीकी रूप से पूर्णतः स्वस्थ होने चाहिए, ताकि प्रशिक्षुओं को सुरक्षित और मानक प्रशिक्षण मिल सके। इसके साथ ही निजी क्षेत्र में संचालित स्कूली वाहनों के लिए जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का कठोरता से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एआरटीओ ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण विद्यालय में नियमों की अनदेखी या अनियमितता पाई गई, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संचालकों से अपेक्षा की कि वे प्रशिक्षण को केवल औपचारिकता न मानें, बल्कि जिम्मेदारी के साथ चालकों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
बैठक में यात्री/मालकर अधिकारी अभिनव चौधरी सहित उप संभागीय परिवहन कार्यालय के कार्मिक एवं समस्त मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण विद्यालयों के संचालक व प्रबंधक उपस्थित रहे। सभी ने नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा अभियान को सफल बनाने में सहयोग का आश्वासन दिया।
