सहारनपुर समाचार : एक लाख के बदले तीन लाख के नकली नोट, नकली नोटों का काला कारोबार, पुलिस नें किया खुलासा

UP समाचार न्यूज /रिपोर्ट जोगेंद्र कल्याण / खबर सहारनपुर उत्तर प्रदेश...

यूपी के सहारनपुर में नकली नोटों के गिरोह का पर्दाफाश करने वाले गिरोह पुलिस गिरफ्त में... फोटो स्त्रोत स्वयं..


संक्षेप...

सहारनपुर से चल रहा था नकली नोटों का कारोबार, जयपुर पुलिस ने किया बड़ा खुलासा,एक लाख के बदले तीन लाख के नकली नोट, सहारनपुर से आरोपी गिरफ्तार हुआ नकली नोटों के बड़े गिरोह का भंडाफोड़...


यूपी समाचार न्यूज सहारनपुर। जयपुर पुलिस ने सहारनपुर में छापा मारकर नकली नोट बनाने और सप्लाई करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना चित्रकूट कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सहारनपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से करीब 4.30 लाख रुपये के नकली नोट, कंप्यूटर, प्रिंटर और नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला विशेष कागज बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर जयपुर रवाना किया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात जयपुर पुलिस की टीम सहारनपुर पहुंची और स्थानीय सदर बाजार कोतवाली पुलिस के सहयोग से दिल्ली रोड स्थित सेंट्रल पार्क कॉलोनी में छापेमारी की। इस दौरान गौरव पुंडीर नामक युवक को उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नकली नोट और उन्हें छापने के उपकरण बरामद हुए, जिससे यह साफ हो गया कि सहारनपुर से ही नकली नोटों का संगठित कारोबार संचालित किया जा रहा था।


जयपुर पुलिस के उप निरीक्षक ने बताया कि दो दिन पूर्व जयपुर के चित्रकूट थाना क्षेत्र में गोविंद सिंह समेत दो लोगों को नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नकली नोट सहारनपुर निवासी गौरव पुंडीर से लेते थे। सौदे के तहत वह एक लाख रुपये के बदले तीन लाख रुपये के नकली नोट उपलब्ध कराता था। इसी सूचना के आधार पर जयपुर पुलिस टीम आरोपियों को साथ लेकर सहारनपुर पहुंची और मुख्य आरोपी को दबोच लिया।


पुलिस के अनुसार, आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेने के बाद उससे गहन पूछताछ की जाएगी। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अब तक किन-किन स्थानों पर और किन लोगों को नकली नोटों की सप्लाई की गई है। माना जा रहा है कि इसका नेटवर्क सहारनपुर से लेकर चित्रकूट तक फैला हुआ था।


आज आरोपी को सहारनपुर के दीवानी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे ट्रांजिट रिमांड पर जयपुर भेज दिया गया। इस खुलासे के बाद सहारनपुर में नकली नोटों के नेटवर्क के सक्रिय होने को लेकर स्थानीय पुलिस और खुफिया तंत्र की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।






Post a Comment

Previous Post Next Post