बदायूं के 4.10 लाख किसानों के खातों में पहुंची पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त,किस्त नहीं मिली तो कराएं आधार अपडेट और ई-केवाईसी..

रिपोर्ट आकाश सक्सेना / खबर बदायूं / UP समाचार न्यूज 

बदायूं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त का हस्तांतरण होने के बाद जिले के 4 लाख 10 हजार 268 किसानों के बैंक खातों में धनराशि पहुंच गई है। मंगलवार को उप कृषि निदेशक मनोज कुमार ने यह जानकारी देते हुए बताया कि 30 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री की ओर से योजना की 24वीं किस्त जारी की गई थी।

उन्होंने बताया कि यदि किसी किसान के खाते में सम्मान निधि की धनराशि नहीं पहुंची है तो इसके पीछे आधार संबंधी त्रुटि, बैंक खाते का आधार से लिंक न होना या ई-केवाईसी पूरी नहीं होना कारण हो सकता है। ऐसे किसान अपने संबंधित बैंक में जाकर खाते में आधार अपडेट कराएं। इसके अलावा डाकघर में खाता खुलवाने और जन सुविधा केंद्र पर जाकर ई-केवाईसी कराने की प्रक्रिया भी पूरी कर सकते हैं।

उप कृषि निदेशक ने किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील भी की। उन्होंने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री किसानों का डिजिटल रिकॉर्ड है, जिसमें उनकी भूमि से संबंधित विवरण आधार के माध्यम से दर्ज किया जाता है। इससे किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए बार-बार जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने की परेशानी से राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि किसान अपनी सम्मान निधि की किस्त का स्टेटस घर बैठे ऑनलाइन भी देख सकते हैं। इसके लिए पीएम किसान पोर्टल पर जाकर पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी प्राप्त करना होगा। ओटीपी दर्ज करने के बाद किसान अपनी किस्त से संबंधित जानकारी आसानी से देख सकते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post