बदायूं UP : गलत दिशा, बिना हेलमेट और मोबाइल पर ड्राइविंग पर कार्रवाई, 2.5 लाख का प्रशमन शुल्क जमा..

UP समाचार न्यूज़ | खबर बदायूं यूपी..




संक्षेप....

सड़क सुरक्षा अभियान में सख्ती, 7 ओवरलोड वाहन सीज, 103 दोपहिया चालान, यें कार्रवाई गलत दिशा, बिना हेलमेट और मोबाइल पर ड्राइविंग करने वालों पर परिवहन विभाग बदायूं द्वारा की गई है, जहां, 2.5 लाख का प्रशमन शुल्क भी जमा कराया गया है....



खबर (यूपी समाचार न्यूज़ | बदायूं यूपी | रिपोर्ट आकाश सक्सेना )

बदायूं। सड़क सुरक्षा कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी के निर्देशन में सोमवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/प्रशासन) द्वारा जनपद में व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 110 वाहनों पर कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान ओवरलोड पाए गए 7 भारी वाहनों को परिवहन कार्यालय बदायूं में सीज किया गया। इन वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन स्वामियों से कुल 2.5 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क वसूल कर सरकारी खाते में जमा कराया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण भी बनती है।

इसके अलावा गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए ड्राइविंग करने के मामलों में 103 दोपहिया वाहनों का चालान किया गया। कार्रवाई के दौरान यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक भी किया गया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी  हरिओम ने आमजन से अपील की कि वाहन हमारी सुविधा के लिए हैं, लेकिन उनका सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग आवश्यक है। निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें। उन्होंने कहा कि एक छोटी सी गलती बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, जिससे न केवल जान-माल का नुकसान होता है बल्कि परिवार की खुशियां भी छिन सकती हैं। इसलिए सभी लोग सड़क पर सतर्क और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाएं।

Post a Comment

Previous Post Next Post