UP समाचार न्यूज /रिपोर्ट आकाश सक्सेना /खबर बदायूं /लखनऊ यूपी...
![]() |
| 24 दिसम्बर को होंगी बदायूं डिपो क़ी 75 बसें लखनऊ के लिए प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में रवाना... |
संक्षेप...
पीएम कार्यक्रम के चलते बदायूं से 75 बसें 24 दिसम्बर को होंगी लखनऊ रवाना, दो दिन प्रभावित रहेगी परिवहन व्यवस्था, वहीं 24–25 दिसंबर को रोडवेज सेवाओं पर असर तो पड़ेगा ही लेकिन, दिल्ली रूट पर यात्रियों की बढ़ेगी मुश्किल...
यूपी समाचार न्यूज बदायूं/लखनऊ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 दिसंबर को लखनऊ स्थित बसंतकुंज में प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनज़र बदायूं डिपो से 75 रोडवेज बसों की ड्यूटी लगाए जाने से जिले की परिवहन व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका है। 24 और 25 दिसंबर—दोनों दिन—कई प्रमुख रूटों पर बसों की कमी रहेगी, जिससे आम यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
एआरएम राजेश पाठक के अनुसार, कार्यक्रम के लिए तैनात की गई 75 बसें 24 दिसंबर को ही लखनऊ के लिए रवाना कर दी जाएंगी। 25 दिसंबर को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कार्यकर्ताओं को उनके-उनके जिलों तक पहुंचाने के पश्चात ही बसें डिपो लौटेंगी। ऐसे में दो दिनों तक नियमित बस संचालन प्रभावित रहना तय है। खासकर जिले से प्रमुख शहरों के लिए चलने वाली सेवाओं में कटौती का असर दिख सकता है।
दिल्ली रूट पर बढ़ेगी दिक्कत...
परिवहन निगम के बेड़े में कुल 106 निगम बसें और 46 अनुबंधित बसें शामिल हैं। इनमें से 75 निगम बसों के लखनऊ जाने से दिल्ली रूट पर यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी होने की संभावना है। इसके अलावा रात के समय लोकल रूटों पर बसें मिलना भी कठिन हो सकता है, जिससे दैनिक यात्रियों की आवाजाही प्रभावित होगी।
एआरएम ने बताया कि बसों की कमी से उत्पन्न हालात से निपटने के लिए विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था की योजना बनाई है। यात्रियों की असुविधा कम करने के लिए अनुबंधित बसों से अतिरिक्त चक्कर लगवाए जाएंगे, ताकि आवश्यक रूटों पर संचालन बना रहे और यात्रियों को न्यूनतम परेशानी हो।
